आशा भोसले के फैंस से बेटे आनंद की भावुक अपील, जानिए कहां कर सकते हैं अंतिम दर्शन
भारतीय संगीत की सबसे सुरीली और वर्सटाइल आवाजों में से एक, आशा भोसले हमारे बीच नहीं रहीं। 92 वर्ष की आयु में उन्होंने 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। आशा भोसले के निधन से देशभर में शोक की लहर है।
आशा भोसले का अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को किया जाएगा। आशा जी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सोमवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उनके आवास कासा ग्रैंड लोवर बिल्डिंग में रखा गया है। शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रशासन ने शिवाजी पार्क पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं क्योंकि वहां भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आशा जी के बेटे आनंद भोसले ने प्रशंसकों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा, अंतिम संस्कार के दौरान शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर ज्यादा भीड़ न जुटाएं। हम चाहते हैं कि उनकी अंतिम विदाई शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से हो। कृपया व्यवस्था बनाए रखने में हमारा सहयोग करें।
आनंद भोसले ने फैंस से कहा कि वो घर आकर आशा जी के अंतिम दर्शन कर सकते हैं। 13 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे से 2 बजे तक, कासा ग्रैंड बिल्डिंग में, जहां मेरी मां रहती थी, वहीं पर उनके दर्शन लेने लोग आ सकते हैं। बाद में 4 बजे श्मशान भूमि में ज्यादा लोग नहीं आएं तो अच्छा रहेगा।
दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
आशा ताई के निधन पर राजनीति से लेकर बॉलीवुड तक की हस्तियां गमगीन हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके योगदान को याद करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। सलमान खान, अक्षय कुमार और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी उनके घर पहुंचकर या सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
एक युग का अंत
सात दशकों से अधिक के करियर में 12,000 से ज्यादा गाने गाने वाली आशा भोसले ने हर पीढ़ी के दिल पर राज किया। शास्त्रीय संगीत से लेकर पॉप और कैबरे तक, उनकी आवाज की रेंज का कोई मुकाबला नहीं था। उनके जाने से संगीत के एक सुनहरे युग का अंत हो गया है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन की दुनिया से जुड़ी सभी अहम जानकारियों को सरल और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करना है।....
और पढ़ें