जब एक्टिंग क्लास में झाड़ू लगाते-लगाते रोने वाली थीं दीपिका पादुकोण, अनुपम खेर ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
बॉलीवुड की सबसे सफल और ग्लोबल आइकन मानी जाने वाली अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के अभिनय का हर कोई कायल है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बड़े पर्दे पर हर किरदार में जान फूंकने वाली दीपिका को कभी एक मामूली सा 'झाड़ू लगाने' का सीन करने में पसीने छूट गए थे?
हाल ही में गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के एक राउंड-टेबल सत्र के दौरान दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने दीपिका के शुरुआती दिनों का एक बेहद दिलचस्प और अनसुना किस्सा साझा किया है।
मॉडलिंग का 'परफेक्शन' बन गया था बड़ी चुनौती
साल 2007 में फराह खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ओम शांति ओम' से शाहरुख खान के अपोजिट हिंदी सिनेमा में कदम रखने से ठीक पहले, दीपिका ने मुंबई स्थित अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल 'एक्टर प्रिपेयर्स' में तीन महीने का कोर्स किया था। IFFI में अभिनय की बारीकियों पर बात करते हुए अनुपम खेर ने बताया कि दीपिका उनके संस्थान के दूसरे बैच की छात्रा थीं।
अनुपम के मुताबिक, उस समय दीपिका एक जानी-मानी सुपरमॉडल थीं और बेहद संभ्रांत व शिक्षित परिवार से आती थीं। यही कारण था कि उनके हर अंदाज में एक खास तरह की नजाकत और सलीका झलकता था। अनुपम ने कहा, दीपिका हर काम बेहद सलीके और स्टाइल से करती थीं। यहाँ तक कि चाय का कप भी वह एक खास अदा से उठाती थीं। लेकिन एक्टिंग में कई बार यह परफेक्शन किरदार की विश्वसनीयता को खत्म कर देता है।
घर की कामवाली को बुलाकर सिखाया अभिनय का पाठ
इसी 'ग्लैमरस इमेज' को तोड़ने के लिए अनुपम खेर ने क्लास में दीपिका को एक अनोखा टास्क दिया। उन्होंने दीपिका से एक घरेलू सहायिका का किरदार निभाने को कहा, जिसे सिर्फ फर्श पर झाड़ू लगाना था। दीपिका ने झाड़ू तो उठाया, लेकिन उसमें भी उनका मॉडलिंग वाला चार्म और नजाकत साफ नजर आ रही थी।
यह देखकर अनुपम खेर ने अपने घर की कामवाली को क्लास में बुलाया और उनसे फर्श साफ करने को कहा। उस महिला ने बेहद स्वाभाविक अंदाज में झाड़ू लगाया। इसके बाद अनुपम ने दीपिका से कहा कि जब तक उनके काम में वह सच्चाई और सहजता नहीं दिखेगी, तब तक वह यह अभ्यास करती रहेंगी।
अनुपम खेर ने याद करते हुए बताया, "शुरुआत में दीपिका इस बात से काफी फ्रस्ट्रेट हो गई थीं और उनकी आँखों में लगभग आँसू आ गए थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी, बार-बार अभ्यास किया और आखिरकार उस किरदार को बखूबी निभाया। बाद में उन्होंने इस सीख के लिए मेरा शुक्रिया भी अदा किया।"
सुपरमॉडल से बॉलीवुड की 'क्वीन' बनने का सफर
दीपिका ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2006 में कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' से की थी, लेकिन 2007 में 'ओम शांति ओम' में शांतिप्रिया और सैंडी के डबल रोल ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। शुरुआती दौर में 'बचना ऐ हसीनों', 'लव आज कल' और 'हाउसफुल' जैसी फिल्मों के बाद साल 2012 की फिल्म 'कॉकटेल' ने उनके करियर को नई दिशा दी।
इसके बाद 'ये जवानी है दीवानी', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'गोलियों की रासलीला राम-लीला', 'पीकू' और 'पद्मावत' जैसी फिल्मों से उन्होंने खुद को इंडस्ट्री की शीर्ष अभिनेत्री साबित किया। 2017 में उन्होंने विन डीजल के साथ 'xXx: रिटर्न ऑफ जेंडर केज' से हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई। वहीं, बीते वर्षों में 'पठान', 'जवान', 'फाइटर' और 'कल्कि 2898 AD' जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहीं।

