अमिताभ बच्चन ने बेचे अपने 2 लग्जरी अपार्टमेंट, कमाया तगड़ा मुनाफा
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट करते रहते हैं। उनके पास कई लग्जरी प्रॉपर्टी है। वहीं अब अमिताभ ने मुंबई के सबसे प्रीमियम इलाकों में से एक गोरेगांव ईस्ट के ओबेरॉय गार्डन सिटी स्थित अपने दो लग्जरी अपार्टमेंट बेचे हैं।
इन दो अपार्टमेंट को 12 करोड़ रुपए में बेचकर अमिताभ बच्चन ने तगड़ा मुनाफा कमाया है। अमिताभ ने ये फ्लैट्स साल 2012 में 8.12 करोड़ रुपए में खरीदे थे। उन्हें करीब 47% का बंपर मुनाफा हुआ है। ये दोनों फ्लैट्स गोरेगांव ईस्ट के ओबेरॉय एक्सक्विजिट बिल्डिंग की 47वीं मंजिल पर थे।
खबरों के अनुसार पहले फ्लैट को आशा ईश्वर शुक्ला ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा। इस पर 30 लाख रुपए की स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपए की रजिस्ट्रेशन फीस लगी। यह डील 31 अक्टूबर 2025 को रजिस्टर हुई। दूसरे फ्लैट को ममता सूरजदेव शुक्ला ने भी 6 करोड़ रुपए में खरीदा। इस पर भी उतनी ही स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस लगी। यह सौदा 1 नवंबर 2025 को रजिस्टर हुआ।
दोनों फ्लैट्स के साथ चार कार पार्किंग स्पेस भी बेचे गए हैं। इससे पहले अमिताभ ने इसी साल जनवरी में अंधेरी की अटलांटिस बिल्डिंग में अपना एक बड़ा डुप्लेक्स अपार्टमेंट 83 करोड़ रुपए में बेचा था। इसका कारपेट एरिया 5,185 वर्ग फीट था।
अमिताभ बच्चन रियल एस्टेट में काफी निवेश करते हैं। उन्होंने पिछले महीने ही अलीबाग में 'हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' के एक प्रोजेक्ट में 6.59 करोड़ रुपए के तीन प्लॉट खरीदे हैं। इससे पहले अमिताभ और उनके बेटे अभिषेक ने 2024 में मुलुंड वेस्ट में ओबेरॉय रियल्टी के एक प्रोजेक्ट में 24.94 करोड़ के अपार्टमेंट खरीदे थे। अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में भी प्रॉपर्टी में निवेश किया है।