Electric Scooter Fire Risk: 55% EV मालिक कर रहे हैं ये गलती, घर पर चार्जिंग से पहले जान लें जरूरी नियम
भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग तेजी से बढ़ रही है। लेकिन इसके साथ ही घर पर EV चार्जिंग की सुरक्षा को लेकर लोगों में अभी भी कई सवाल और भ्रम बने हुए हैं। हाल ही में नोएडा में चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक वाहन में आग लगने की घटना ने रिहायशी इलाकों में EV चार्जिंग की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, घर पर इलेक्ट्रिक स्कूटर या कार चार्ज करने से पहले यह जांचना बेहद जरूरी है कि आपके घर का इलेक्ट्रिकल कनेक्शन इतना लोड संभाल सकता है या नहीं। कम क्षमता वाले कनेक्शन पर EV चार्ज करने से आग लगने और शॉर्ट सर्किट का खतरा काफी बढ़ जाता है।
EV चार्जिंग के लिए जरूरी सावधानी
इलेक्ट्रिक वाहन चलाना जितना आसान और किफायती है, उतना ही जरूरी है कि उसकी चार्जिंग व्यवस्था भी सुरक्षित हो। सही इलेक्ट्रिकल सेटअप, प्रशिक्षित इंस्टॉलेशन और सावधानी बरतकर EV चार्जिंग से जुड़े हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
EV चार्जिंग पॉइंट लगवाने से पहले करें इलेक्ट्रिशियन से सलाह
एक्सपर्ट्स की सलाह है कि घर में EV चार्जिंग स्टेशन लगाने से पहले किसी योग्य इलेक्ट्रिशियन से बिजली कनेक्शन की जांच जरूर करवानी चाहिए। EV चार्जर को हमेशा प्रशिक्षित तकनीशियन से ही इंस्टॉल करवाना चाहिए और इसे अलग डेडिकेटेड इलेक्ट्रिकल सर्किट से जोड़ा जाना चाहिए।
EV चार्ज करने के लिए एक्सटेंशन बोर्ड, अस्थायी वायरिंग या लोकल एडाप्टर का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इस तरह की व्यवस्था से ओवरलोडिंग और आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ सकता है।
भारत में सिर्फ 55% EV मालिकों के पास सही चार्जिंग सेटअप
विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत में अभी केवल करीब 55 प्रतिशत EV मालिकों के पास घर पर सही चार्जिंग सेटअप मौजूद है। यही वजह है कि कई बार लोग कमजोर इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हाई-पावर चार्जर का इस्तेमाल करते हैं और चार्जिंग से जुड़े हादसे सामने आते हैं।
EV Home Charging के लिए जरूरी हैं ये सुरक्षा उपकरण
एक सुरक्षित EV चार्जिंग सिस्टम के लिए कुछ जरूरी उपकरण होने चाहिए:
- MCB (Miniature Circuit Breaker): ओवरलोड और शॉर्ट सर्किट से सुरक्षा के लिए
- RCCB (Residual Current Circuit Breaker): करंट लीकेज से बचाव के लिए
- Proper Earthing: बिजली के झटके और दुर्घटना से बचाव के लिए
- चार्जर को ऐसी जगह लगाएं जहां नमी या पानी जमा होने का खतरा न हो।
- हमेशा कंपनी के ओरिजिनल चार्जर का करें इस्तेमाल
वाहन मालिकों को हमेशा कंपनी द्वारा दिए गए चार्जर का ही इस्तेमाल करना चाहिए। लोकल या अनधिकृत चार्जर का उपयोग बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है। अगर चार्जिंग के दौरान आपको किसी तरह की जलने की गंध, केबल में खराबी, वायरिंग की समस्या या असामान्य गर्मी महसूस हो तो तुरंत चार्जिंग बंद कर दें। दोबारा इस्तेमाल करने से पहले किसी तकनीशियन या वाहन कंपनी की कस्टमर सर्विस से संपर्क जरूर करें।
