ऑटो एक्सपो 2018 : एडवेंचर बाइक्स की धूम, नई स्विफ्ट का जलवा, मर्सिडीज़ और बीएमडब्ल्यू में होड़
आकर्षित कर रही हैं महंगी कार और बाइक्स
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। ऑडी, फोर्ड इंडिया, बजाज ऑटो, निसान, रॉयल इनफील्ड जैसी कंपनियों की अनुपस्थिति में बुधवार को शुरू हुआ हुए ऑटो एक्सपो 9 से 14 फरवरी तक खुला रहेगा। इस एक्सपो में इस वर्ष कोरियाई कार निर्माता कंपनी किया ने पहली बार भाग लिया है। वह अगले वर्ष भारतीय बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनियों में इलेक्ट्रिक और कॉन्सेप्ट वाहनों को लेकर जहां होड़ लगी हुई है, वहीं मर्सिडीज बेंज इंडिया और बीएमडब्ल्यू ने अपनी महंगी कारों को पेश कर इसका आकर्षण बढ़ा दिया है।
पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने बीएमडब्ल्यू 6 सीरीज की ग्रां टूरिज्मो को लांच किया। बीएमडब्ल्यू ने आईथ्रीएस इलेक्ट्रिक कार भी लांच की है। बीएमडब्ल्यू मोटरकैड ने एफ 750 जीएस और 850 जीएस एडवेंचर बाइकों को पेश कर सुपर बाइक के दीवानों की बेचैनी बढ़ा दी है। कंपनी ने कहा है कि इन दोनों मोटरसाइकलों की कीमत क्रमश: 12.2 लाख रुपए और 13.7 लाख रुपए है।मर्सिडीज-मेबैक एस650 में कंपनी ने देश में पहली बार पेट्रोल वाहन में ईयू6 टेक्नोलॉजी का उपयोग किया है। इसमें नया वी12 एम279 इंजन दिया है। इसके अतिरिक्त रडार आधारित ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम, नई ट्रिपल-टॉर्च डिजाइन, मल्टीबीम एलईडी हेडलैम्प, क्रोम एलीमेंट्स के साथ नए फ्रंट एवं रियर बम्पर, एनटीजी 5.5 के साथ नेक्स्ट जनरेशन टेलीमैटिक्स, मैजिक बॉडी कंट्रोल, मैजिक स्काई कंट्रोल, क्रिस्टल-लुक टेल लैम्प और कमिंग होम फंक्शन के साथ नई एलईडी टेललाइट, फोल्डिंग सीटों के विकल्प में भी उपलब्ध है।
मारुति ने उतारी नई स्विफ्ट : मारुति की नई स्विफ्ट की शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपए (एक्स शोरुम) दिल्ली रखी गई है। कुल 12 संस्करण में पेश की गई स्विफ्ट के टाप जेडीआईप्लस डीजल माडल की कीमत 8.29 लाख रुपए होगी। कंपनी ने इसे छ: रंग में पेश किया है। ऑटोमैटिक जेडीआई आटोमेटिक वेरियंट का दाम एक्स शोरूम दिल्ली 7.96 लाख रुपए रखा गया है। मारुति स्विफ्ट की बुकिंग पिछले महीने ही शुरू हो चुकी है और ग्राहकों में इसे लेकर बहुत आकर्षण है।
स्विफ्ट को पेट्रोल और डीजल दोनों ईंधन में उपलब्ध कराया गया है। नई कार में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का भी विकल्प है। पेट्रोल इंजन 1.2 लीटर और डीजल 1.3 लीटर डीआईएस है। नई स्विफ्ट पहले के मुकाबले वजन में 10 से 15 प्रतिशत हल्की है।
कॉन्सेप्ट और इलेक्ट्रिक वाहनों का जलवा : ऑटो एक्सपो में करीब 28 बड़ी यात्री वाहन कंपनियां अपने मॉडल लॉन्च करेंगी। इसके अतिरिक्त दोपहिया वाहन निर्माताओं के अपने वाहनों के शोकेशिंग और लॉन्चिंग के साथ ही भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में प्रवेश करने की तैयारियों में लगी कंपनियां भी अपने वाहन प्रदर्शित कर रही हैं।
मारुति सुजकी इंडिया लिमिटेड ने इसमें कॉन्सेप्ट कार 'फ्यूचर एस' का अनावरण किया। कंपनी इसे इस वर्ष के अंत तक भारतीय बाजार में उतार सकती है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक केनिची आयुकावा ने नए कॉम्पैक्ट एसयूवी के कॉन्सेप्ट मॉडल को पेश करते हुए कहा कि घरेलू बाजार में कार खरीदारों को कॉम्पैक्ट कार काफी पसंद आ रही है।

