1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sonam wangchuk takes dig at aamir khan over 3 idiots inspiration and ghajini memory loss comment

आमिर खान के 'हम कभी नहीं मिले' वाले बयान पर सोनम वांगचुक का पलटवार, बोले- 'गजनी' के गेटअप में थे, इसलिए भूल गए होंगे

3 Idiots Sonam Wangchuk controversy
बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में शुमार '3 इडियट्स' में आमिर खान द्वारा निभाए गए कालजयी किरदार 'फुंसुक वांगडू' और लद्दाख के मशहूर पर्यावरणविद् व शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के बीच के संबंध को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में आमिर खान ने एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर दावा किया था कि वह फिल्म निर्माण के दौरान सोनम वांगचुक को जानते तक नहीं थे। 
 
अब इस बयान पर सोनम वांगचुक ने मजाकिया अंदाज में पलटवार करते हुए आमिर खान पर निशाना साधा है। प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक से जब आमिर खान के उस दावे के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'हम कभी नहीं मिले', तो वांगचुक ने चुटकी लेते हुए कहा, जब आमिर ने कहा कि हम कभी मिले ही नहीं, तो उसके कुछ ही घंटों बाद इंटरनेट पर पुराने वीडियो वायरल हो गए। 
उन्होंने कहा, उन वीडियो में वह 'गजनी' वाले लुक में बैठकर मेरा भाषण सुन रहे थे। मुझे लगता है कि उस समय वह 'गजनी' के गेटअप में थे, इसलिए उन्हें शॉर्ट-टर्म मेमोरी लॉस हो गया होगा और वह 15 मिनट बाद सब भूल गए होंगे। इसलिए मुझे उनके बयान पर कोई हैरानी नहीं हुई, वरना सच तो यह है कि हमारी काफी विस्तार से मुलाकात हुई थी।
 
सोनम वांगचुक ने आगे कहा कि आमिर खान अपने किरदारों में बहुत गहराई से उतर जाते हैं। शायद 'गजनी' के कैरेक्टर में इतना डूब गए थे कि अवॉर्ड फंक्शन में जब मुझे सम्मान मिल रहा था और हमारी बातचीत हुई, तो वह उसे भूल गए।  
 
फिल्म '3 इडियट्स' और अपने किरदार पर बात करते हुए सोनम वांगचुक ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि यह फिल्म उनकी बायोपिक है। उन्होंने कहा, इसे ही हम प्रेरणा कहते हैं। उनके पास पहले से एक स्क्रिप्ट थी। हो सकता है कि उन्होंने किसी से मिलने या कोई विचार सुनने के बाद उसे अपनी ओर से स्क्रिप्ट में जोड़ दिया हो। संभव है कि उनके को-राइटर या डायरेक्टर को यह न पता चला हो कि यह विचार कहां से आया। खैर, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, जो है सो है। 
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट में आमिर ने क्या कहा था?
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट में एक बातचीत के दौरान जब आमिर खान से सोनम वांगचुक और लद्दाख में उनकी भूख हड़ताल को लेकर सवाल किया गया, तो आमिर ने कहा था, नहीं, यह सच नहीं है। यह एक गलतफहमी है कि फिल्म '3 इडियट्स' सोनम वांगचुक पर आधारित थी। 
 
आमिर ने कहा था, जब हम यह फिल्म बना रहे थे, तब न तो मैं, न ही निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी, सोनम जी के बारे में जानते थे। हालांकि, सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। उनका सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि '3 इडियट्स' का किरदार उन पर आधारित हो। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
अरशद वारसी से शादी से पहले मारिया गोरेटी को मिली थी जया बच्चन से चेतावनी, कहा- एक्टर से शादी करना सबसे मुश्किल काम