1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. fwice ban don 3 controversy kangana ranaut support ranveer singh

हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन भी बनते हैं, रणवीर सिंह के सपोर्ट में आगे आईं कंगना रनौट

Ranveer Singh FWICE ban
बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों सुपरस्टार रणवीर सिंह और निर्देशक-निर्माता फरहान अख्तर के बीच का 'डॉन 3' विवाद गर्माया हुआ है। 'डॉन 3' से रणवीर सिंह के अचानक पीछे हटने के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने अभिनेता के खिलाफ एक 'नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव' यानी असहयोग का नोटिस जारी किया है। 
 
यह विवाद अब सिर्फ गॉसिप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें कानूनी मोड़ और फिल्म इंडस्ट्री के दोफाड़ होने की स्थिति आ गई है। इस विवाद के बीच कई सेलेब्स रणवीर सिंह के सपोर्ट में आगे आए हैं। अब बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौट ने भी रणवीर सिंह का समर्थन किया है।
 
कंगना रनौट हमेशा अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान जब उनसे रणवीर सिंह के इस बैन पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'आप मुझसे पूछ रहे हैं? मुझे तो सबने बैन कर रखा है।'
रणवीर का हौसला बढ़ाते हुए कंगना ने आगे कहा, जब आपकी हैसियत बढ़ती है, तो दुश्मन भी बनते हैं। ऐसा हो ही नहीं सकता कि आपका कद बढ़े और आपके दुश्मन न बनें। रणवीर सिंह को तो यह सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है जो उनके इतने दुश्मन हैं। 
 
उन्होंने कहा, जीवन में जब आप आगे बढ़ते हैं, तो कई तरह की बाधाएं आती हैं। रास्ता हमेशा आसान नहीं होता। मेरे साथ भी इतना सब कुछ हुआ है और देखिए, आज मैं अच्छा कर रही हूँ। मेरी गाड़ी चल रही है, कोई फर्क नहीं पड़ता। सब कुछ अंत में ठीक हो जाएगा।
 
इस विवाद में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन (IMPPA) के पूर्व अध्यक्ष और दिग्गज निर्माता टी.पी. अग्रवाल ने इस बैन के खिलाफ मुंबई की डिंडोशी सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने FWICE और IMPPA दोनों को कानूनी नोटिस भिजवाया है।
 
अग्रवाल का तर्क है कि किसी भी ट्रेड यूनियन या फेडरेशन के पास किसी भी कलाकार या नागरिक की आजीविका और रचनात्मक स्वतंत्रता को रोकने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। सिविल या कॉन्ट्रैक्टर विवादों का निपटारा अदालतों में होना चाहिए, न कि इस तरह के एकतरफा प्रतिबंधों के जरिए। 
 
क्या है विवाद की जड़ 
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने एक्सेल एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डॉन 3' से अपने हाथ पीछे खींच लिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन और FWICE से शिकायत की कि रणवीर के आखिरी वक्त पर फिल्म छोड़ने की वजह से उनके प्री-प्रोडक्शन के लगभग 45 करोड़ रुपए बर्बाद हो गए।
 
FWICE का दावा है कि उन्होंने रणवीर सिंह को बातचीत के लिए तीन बार नोटिस भेजे, लेकिन अभिनेता की तरफ से ईमेल पर जवाब आया कि यह मामला पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा है और FWICE इस पर फैसला सुनाने का सही मंच या अधिकार क्षेत्र नहीं है। रणवीर के इस रुख से नाराज होकर फेडरेशन ने अपने 4 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को रणवीर के साथ काम न करने का निर्देश जारी कर दिया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
डॉन 3 विवाद: FWICE के बैन के खिलाफ कोर्ट पहुंचे रणवीर सिंह, भेजा लीगल नोटिस