1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hanuman ansh director vishal chaturvedi reveals bollywood truth after movie success

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का छलका दर्द, बोले- रिलीज से पहले नहीं मिला सपोर्ट

Vishal Chaturvedi Director
भारतीय सिनेमा के इतिहास में समय-समय पर ऐसी फिल्में आती हैं, जो बिना किसी बड़े स्टारकास्ट या भारी-भरकम प्रमोशन के बिना सिर्फ अपनी कंटेंट के दम पर इतिहास रच देती हैं। ऐसी ही एक चमत्कारिक सफलता की कहानी लिख रही है फिल्म 'हनुमान अंश'। 
 
केवल 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ से सभी को चौंका दिया है। अपने चौथे सप्ताह में यह फिल्म कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुचर्चित फिल्म 'टॉक्सिक' से भी आगे निकलती दिख रही है। 
शुरुआत में मिले सिर्फ 10 लाख, फिर रचा इतिहास  
'हनुमान अंश' की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। अपने रिलीज के पहले दिन फिल्म ने महज 10 लाख रुपये की कमाई की थी। बड़ी फिल्मों की वजह से मल्टीप्लेक्स चेन और सिनेमाघरों ने इसके शो की संख्या 250 से घटाकर सीधे 25 कर दी थी। हालांकि, दर्शकों को यह फिल्म इतनी पसंद आई कि 'वर्ड-ऑफ-माउथ' के चलते इसकी मांग आसमान छूने लगी। सिनेमाघरों में शो की संख्या बढ़कर हजारों में पहुंच गई और फिल्म ने अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 72.88 करोड़ रुपये से अधिक का शानदार कारोबार कर लिया है।
 
बॉलीवुड के रवैये पर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का छलका दर्द  
हाल ही में आरजे रौनक के साथ एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई साझा की। उन्होंने खुलासा किया कि रिलीज से पहले जब उन्होंने बॉलीवुड के बड़े नामों से मदद और सपोर्ट मांगा, तो किसी ने उनकी सुध नहीं ली।
 
विशाल चतुर्वेदी ने कहा, फिल्म के सफल होने के बाद मुझे इंडस्ट्री से कई लोगों के बधाई संदेश आए। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर जी ने बिना मांगे भी फिल्म को सराहा और बधाई दी। लेकिन मैं उन लोगों का नाम नहीं लेना चाहता जिनसे मैंने रिलीज से पहले मदद मांगी थी और उन्होंने मना कर दिया था। बॉलीवुड में बहुत से भ्रमित लोग हैं, जो केवल अपना ज्ञान बांटते हैं।
मधुर भंडारकर और कंगना रनौत ने की जमकर तारीफ
फिल्म देखने के बाद मशहूर फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिनेमाघर में दर्शक पूरी तरह से स्क्रीन से बंधे हुए थे। उन्होंने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के काम और अभिनेता शोभिनव सत्या द्वारा निभाए गए नीम करोली बाबा के किरदार की ईमानदारी और सादगी की खुले दिल से प्रशंसा की।
 
वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने फिल्म को 'एक दिव्य सत्संग' करार दिया। कंगना ने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि लोगों को थेरेपी पर जाने के बजाय थिएटर में जाकर इस आध्यात्मिक और शांति देने वाली फिल्म को देखना चाहिए।
 
क्या है 'हनुमान अंश' की कहानी?  
यह फिल्म आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन और उनके दिव्य सफर पर आधारित है। फिल्म की आधिकारिक सिनॉप्सिस के अनुसार, यह एक ऐसे दुखी बालक की कहानी है जो अपनी दिवंगत मां से मिलने की चाह में ईश्वर की खोज में निकलता है। इस खोज के दौरान वह निस्वार्थ सेवा, प्रेम, भोजन के लंगर और मौन आशीर्वाद के जरिए मानवता की सेवा करना सीखता है और आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में जाने जाते हैं। 
 
विदेश में रिलीज की तैयारी और सीक्वल का ऐलान  
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व सफलता का स्वाद चखने के बाद, फिल्म मेकर्स ने अब इसके सीक्वल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके अलावा, 'होम्बले फिल्म्स' ने फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीद लिए हैं, जिसके जरिए इसे 11 सितंबर से वैश्विक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय सिनेमाघरों में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
कोविड में जब सब थमे थे, तब कुब्रा सैत ने सीखा जिंदगी बचाना, जानिए क्यों किया सुसाइड प्रिवेंशन कोर्स