रविवार, 28 सितम्बर 2025
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 36 people died in a stampede at Vijay Thalapathys rally in Karur, Tamil Nadu
Last Updated :चेन्नई , रविवार, 28 सितम्बर 2025 (00:12 IST)

तमिलनाडु के करूर में विजय थलपति की रैली में भगदड़, 36 लोगों की मौत, 70 घायल

Stampede at Vijay Thalapathys rally
Stampede at Vijay Thalapathys rally: तमिलनाडु में फिल्म अभिनेता और टीवीके प्रमुख विजय थलपति की करूर रैली में मची भगदड़ के बाद 33 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में 10 महिलाएं हैं। रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्‍यमंत्री एमके स्टालियन ने घटना को दुखद बताते हुए दुख व्यक्त किया है। 

अचानक भीड़ बेकाबू हुई : जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान भीड़ बढ़ती गई और बेकाबू हो गई तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और कुछ बच्चों समेत कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। कई कार्यकर्ताओं ने स्थिति को भांप लिया और शोर मचाया। विजय ने ध्यान दिया और अपना भाषण रोककर, खासतौर पर बनाई गई प्रचार बस के ऊपर से लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की। एम्बुलेंस को भीड़-भाड़ वाली सड़क से होते हुए घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
 
चिंताजनक जानकारी : बेहोश हुए लोगों को एम्बुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाया गया और बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ लोगों की हालत खराब है। विजय ने स्थिति को समझते हुए अपना भाषण निर्धारित समय से पहले ही समाप्त कर दिया। इस बीच तमिलनाड के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि ‘करूर से मिली जानकारी चिंताजनक’ है। स्टालिन रविवार सुबह घटनास्थल पर जाएंगे। 
 
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम और जिलाधिकारी को हरसंभव सहायता प्रदान करने की सलाह दी। उन्होंने मंत्री अन्बिल महेश को भी सहायता प्रदान करने के लिए करूर जाने को कहा है। घटना की सूचना पर मंत्री, शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है। स्टालिन ने करूर में आम जनता से चिकित्सकों और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

दुखद घटना : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
 
मेरी हार्दिक संवेदना : शाह ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा कि तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

भाजपा और द्रमुक पर निशाना : विजय ने रैली में विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) को 2026 के विधानसभा चुनाव में वोट देना भाजपा को वोट देना होगा। उन्होंने साथ ही राज्य के मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे ‘अनुचित और अवसरवादी’ बताया। विजय ने आरोप लगाया कि 'द्रमुक परिवार' की भाजपा के साथ एक गुप्त समझौता है और इसलिए, द्रमुक को वोट देना भाजपा को वोट देना है। उन्होंने दोहराया कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) 'फासीवादी भाजपा शासन' के साथ द्रमुक सरकार की तरह कभी कोई गुप्त समझौता नहीं करेगा। (एजेंसी/वेबदुनिया : फाइल फोटो)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala