बुधवार, 23 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. BJP purchases currency ban
Written By
Last Updated :लखनऊ , गुरुवार, 15 दिसंबर 2016 (14:29 IST)

नोटबंदी से पहले भाजपा ने खरीदी सैकड़ों बाइक्स... बवाल..!

विपक्षी दलों ने लगाया आरोप

नोटबंदी से पहले भाजपा ने खरीदी सैकड़ों बाइक्स... बवाल..! - BJP purchases currency ban
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के मद्देनजर नोटबंदी के पहले खरीदी गई मोटरसाइकिलों को लेकर सूबे में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस और सपा ने इसे लेकर भाजपा पर कालेधन को सफेद करने का आरोप लगाया, तो भाजपा इस पर सीधे बोलने से बच रही है।
 
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी का कहना है कि नोटबंदी के ठीक पहले भाजपा ने मोटरसाइकिलों की जमकर खरीददारी की। तिवारी का आरोप है कि इन वाहनों की खरीद कालेधन को सफेद करने के लिए की गई। उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच की भी मांग की।
 
सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नोटबंदी के पहले भाजपा ने सैंकड़ों की संख्या में मोटरसाइकिलों को खरीद कर व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की है, इसकी जांच की जानी चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में एक स्थान पर सफेद रंग की 248 मोटरसाइकिल खडी हैं। उनकी टंकियों पर भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल बना हुआ है। एक सौ छान्नवे का भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय के नाम पंजियन भी हो चुका है। केवल गोरखपुर में ही रखी गाड़ियों की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा बतायी जा रही है।
 
यादव ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए, ताकि 'दूध का दूध, पानी का पानी' हो सके। उधर, भाजपा इस पर खुलकर कुछ बोलने से तैयार नहीं है। नाम नहीं छापने की शर्त पर भाजपा के एक नेता ने कहा कि यह फैसला केन्द्रीय नेतृत्व का हो सकता है, इसलिए इस पर नेतृत्व ही कुछ बोले तो ठीक है।
 
अगले पन्ने पर... जानिए भाजपा ने क्यों खरीदी बाइक... 

 

उधर, सूत्रों का दावा है कि भाजपा की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में चार-चार मोटरसाइकिल भेजने की योजना है। यह मोटरसाइकिलें उसी कारण से खरीदी गई हैं। एक मोटरसाइकिल पर दो कार्यकर्ता बैठकर क्षेत्र में पार्टी का प्रचार करेंगे। उनका कहना है कि बड़ी गाड़ियों की अपेक्षा मोटरसाइकिल से प्रचार करना आसान होगा। कार्यकर्ता घर-घर पहुंच सकते हैं। 
 
भाजपा ने राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोटर साइकिल सवार कार्यकर्ताओं के माध्यम से 'कमल संदेश' नाम का प्रचार अभियान चलाने की घोषणा की है। कार्यक्रम सपा सरकार की विफलता बताने, सपा बसपा का एक जैसे चरित्र की पोल खोलने और नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर घर पहुंचाने का निश्चय किया है।
 
पार्टी की प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य 18 दिसम्बर को प्रदेश मुख्यालय में इस मोटर साइकिल अभियान को हरी झण्डी दिखाकर प्रारम्भ करेंगे। दीक्षित ने बताया कि पार्टी ने इस अभियान सहित संपूर्ण चुनाव अभियान के लिए पार्टी कोष से नई मोटर साइकिलों की खरीद की है। 
 
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि मोटर साइकिल के माध्यम से अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता पार्टी द्वारा प्रकाशित पुस्तकें, साहित्य लेकर घर घर जाएंगे। वे प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क करेंगे व आमजनों से भी मिलेंगे। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कई पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को इा"स काम में लगाया है। वे चुनाव तक 'कमल संदेश' अभियान चलाएंगे।
 
पार्टी 1650 मोटर साइकिल के जरिए आने वाले दो माह में 3.5 करोड़ घरों तक मोदी का संदेश भेज रही है। कार्यक्रम के अनुसार मोटर साइकिल सवार तथा स्थानीय कार्यकर्ता प्रतिदिन 300 घरों के लिए 300 कमल संदेश लेकर अपने घरों से प्रातः निकलेंगे।
 
उन्होने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ता और मोटर साइकिल यात्री गांव गांव जायेंगे। कमल संदेश में मोदी जी का पत्र, सपा बसपा पर आरोप पत्र और भाजपा की उपलब्धियां सम्मिलित हैं।
 
कार्यकर्ता घर वालों की अनुमति लेकर उनके दरवाजों पर भाजपा का स्टीकर लगाएंगे। वे प्रत्येक मोहल्ले में जनसभा करेंगे। स्थानीय कार्यकर्ता मोटर साइकिल में लगे हुए माइक की सहायता से श्री मोदी का कमल संदेश पढ़ कर सबको सुनायेंगे। वे बाजार आदि में भी प्रचार का काम करेंगे। (वार्ता)