बुधवार, 23 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024
  4. Maharashtra Assembly Elections 2024 Shiv Sena Eknath Shinde Candidate List :
Last Updated : बुधवार, 23 अक्टूबर 2024 (00:38 IST)

Maharashtra Assembly Elections 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने 45 नामों का किया ऐलान , कोपरी-पाचपाखाडी से शिंदे उम्मीदवार

Maharashtra Assembly Elections 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने 45 नामों का किया ऐलान , कोपरी-पाचपाखाडी से शिंदे उम्मीदवार - Maharashtra Assembly Elections 2024 Shiv Sena Eknath Shinde Candidate List :
Maharashtra Assembly Elections 2024 :  शिवसेना ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार देर रात 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। इसमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ठाणे शहर के कोपरी-पाचपाखाडी से तथा आधा दर्जन से अधिक कैबिनेट सदस्यों को उनकी संबंधित सीटों से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके साथ ही शिवसेना अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली दूसरी बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। उसकी सहयोगी भाजपा ने पिछले रविवार को 99 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। सत्तारूढ़ महायुति ने 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव के लिए अभी तक सीट बंटवारे की घोषणा नहीं की है। इसमें भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं।
 
विद्रोह में साथ देने वालों को फिर टिकट
सत्तारूढ़ दल ने लगभग उन सभी विधायकों को फिर से टिकट दिया है, जिन्होंने जून 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व करते समय शिंदे का समर्थन किया था। शिंदे ठाणे शहर से सटे कोपरी-पाचपाखाडी से फिर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने जलगांव ग्रामीण, सावंतवाड़ी, सिल्लोड और पाटन से क्रमश: गुलाबराव पाटिल, दीपक केसरकर, अब्दुल सत्तार और शंभुराज देसाई को मैदान में उतारा है।
एक अन्य कैबिनेट सदस्य दादा भुसे नासिक जिले के मालेगांव आउटर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री उदय सामंत और तानाजी सावंत को क्रमशः रत्नागिरी और परांदा से मैदान में उतारा गया है। एक अन्य प्रमुख नेता सदा सर्वणकर मुंबई के माहिम से चुनाव लड़ेंगे।
विधायकों को रिश्तेदारों को टिकट
पार्टी ने कई विधायकों के रिश्तेदारों को भी मैदान में उतारा है। राजापुर से मंत्री उदय सामंत के भाई किरण सामंत को टिकट दिया गया है। दिवंगत विधायक अनिल बाबर के बेटे सुहास बाबर सांगली जिले के खानपुर से चुनाव लड़ेंगे।
 
मुंबई उत्तर-पश्चिम से शिवसेना के लोकसभा सदस्य रवींद्र वाईकर की पत्नी मनीषा वाईकर को जोगेश्वरी (पूर्व) से मैदान में उतारा गया है, जबकि शिवसेना नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद अडसुल के बेटे अभिजीत अडसुल अमरावती जिले के दरियापुर से चुनाव लड़ेंगे। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के लोकसभा सदस्य संदीपन भुमरे के बेटे विलास भुमरे पैठन से चुनाव लड़ेंगे।

मनसे की लिस्ट, राज ठाकरे के बेटे माहिम से उम्मीदवार 
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मध्य मुंबई की माहिम सीट से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र चुनाव के लिए पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में यह जानकारी सामने आई।
 
अमित, ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले तीसरे व्यक्ति होंगे। उनके पिता मनसे के प्रमुख राज ठाकरे ने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे और अमित के चचेरे भाई आदित्य ठाकरे ने 2019 के विधानसभा चुनावों में वर्ली सीट से जीत हासिल की थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद उद्धव ठाकरे खुद 2020 में विधान परिषद के लिए चुने गए।
 
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना का मुख्यालय भी माहिम विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। माहिम विधानसभा क्षेत्र 1990 से हमेशा अविभाजित शिवसेना या मनसे के पास रहा है। 2009 में मनसे के नितिन सरदेसाई ने यहां से जीत हासिल की थी।
मनसे ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने 45 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है और इसमें से 16 सीटें मुंबई में हैं। पार्टी ने दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली से संदीप देशपांडे को चुनावी मैदान पर उतारा है, जहां उनका मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे से होने की संभावना है।
 
मौजूदा विधानसभा में मनसे के एकमात्र विधायक प्रमोद पाटिल को ठाणे जिले की कल्याण ग्रामीण विधानसभा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने ठाणे शहर से अविनाश जाधव को मैदान पर उतारा है। इनपुट भाषा