शपथ लेने से पहले रेखा गुप्ता का वादा, 8 मार्च को महिलाओं के खाते में आएंगे 2500
Rekha Gupta oath taking ceremony : शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार महिलाओं को 2,500 रुपए मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करेगी। गुप्ता ने कहा कि मासिक सहायता की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी। हर साल 8 मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है।
बुधवार को भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना राष्ट्रीय राजधानी के सभी 48 भाजपा विधायकों की जिम्मेदारी है। हम महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। महिलाओं को 8 मार्च तक उनके खातों में रकम निश्चित ही पहुंचा दी जाएगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता आज दोपहर को रामलीला मैदान में दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहेंगी।
edited by : Nrapendra Gupta