रसोई गैस संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, भोपाल में ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने से पैनिक माहौल
रसोई गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता- भोपाल कलेक्टर
भोपाल। मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़े भीषण युद्ध के दायरा बढ़ने और ईरान और इजरायल के तेल रिफाइनरियों के निशाने बनाने के बाद वैश्विक स्तर पर तेल और गैस को लेकर संकट खड़ा हो गया है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का सीधा असर पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई का भारत में भी असर देखा जा रहा है। देश के कई राज्यों के साथ मध्यप्रदेश में भी रसोई गैस को लेकर लोग पैनिक हो रहा है। भोपाल में रसोई गैस को लेकर लोगों में घबराहट का माहौल देखा जा रहा है।
ऑयल कंपनियों की ओर से गैस बुकिंग का अंतर 25 दिन किए जाने से लोग गैस बुकिंग को लेकर पैनिक हो रहे है, जिससे कई गैस एजेंसियों पर गैस एजेंसियों कर्मचारियों और लोगों में बहस होती देखी जा रही है। वहीं लोगों की बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग करने की कोशिश से इंडेन का नेशनल सॉफ्टवेयर क्रैश हो गया है। वहीं कई गैस एजेंसियों ने ऑफलाइन बुकिंग बंद कर दी है।
भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह के मुताबिक जिले में एलपीजी गैस की कहीं भी कमी नहीं है और उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता एक रिफिल प्राप्त करने के 25 दिन बाद ही अगली रिफिल के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस कंपनियों द्वारा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। इनमें भारत गैस हेल्पलाइन नंबर 1800-22-4344, इंडेन गैस हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 तथा एचपी गैस हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 शामिल हैं, जिन पर गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
इसके साथ ही कलेक्टर भोपाल ने घरेलू गैस के सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दलों का गठन किया है। इन दलों में एसडीम के साथ एसीपी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी करने और घरेलू गैस के कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।
वहीं खाद्य विभाग द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। राजधानी के अशोका गार्डन स्थित आशा गैस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं गांधी नगर में गैस की कालाबाजारी को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक के मुताबिक जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और विभाग द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री तथा अवैध रिफिलिंग के मामलों में निरंतर कार्रवाई की जा रही है।