गुरुवार, 20 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold Prices Retreat from All-Time High, Down Rs 1,200
Last Modified: सोमवार, 17 फ़रवरी 2025 (21:56 IST)

Gold Rate : सस्ता हुआ सोना, कीमतों में 1200 से ज्यादा की गिरावट

सोना भी अपने सर्वकालिक उच्चस्तर से फिसल गया और 1,200 रुपए के नुकसान के साथ 87,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ

Gold Rate : सस्ता हुआ सोना, कीमतों में 1200 से ज्यादा की गिरावट - Gold Prices Retreat from All-Time High, Down Rs 1,200
Gold Prices Retreat from All-Time High, Down Rs 1,200 : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना (Gold) सोमवार को अपने सर्वकालिक उच्चस्तर से फिसल गया और 1,200 रुपए के नुकसान के साथ 88,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। स्टॉकिस्ट और खुदरा व्यापारियों की ताजा बिकवाली से सोने के दाम नीचे आए। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
 
शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपए की छलांग के साथ 89,400 रुपए प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी अपने सर्वकालिक उच्चस्तर से फिसल गया और 1,200 रुपए के नुकसान के साथ 87,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। शुक्रवार को यह 89,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।
 
सोमवार को चांदी की कीमतों पर भी बिकवाली दबाव रहा। चांदी का भाव 1,800 रुपए की गिरावट के साथ 98,200 प्रति किलोग्राम पर आ गया। चांदी शुक्रवार को एक लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। कारोबारियों ने कहा कि घरेलू हाजिर बाजार में जौहरियों तथा खुदरा व्यापारियों की मांग घटने से बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट आई।
अबन्स होल्डिंग्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा कि निवेशकों को मंगलवार को जारी होने वाले अमेरिका के वृहद आंकड़ों का इंतजार है। इससे आगे सोने की कीमतों को दिशा मिलने की उम्मीद है।
 
मेहता ने कहा कि बाजार प्रतिभागियों को फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार है। यह इस सप्ताह जारी होगा, जिससे मौद्रिक नीति के संकेत के बारे में जानकारी मिलेगी।
 
जनवरी में बढ़ा आयात : देश में सोने का आयात जनवरी में 40.79 प्रतिशत बढ़कर 2.68 अरब डॉलर रहा है। मुख्य रूप से घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। एक साल पहले जनवरी, 2024 में सोने का आयात 1.9 अरब डॉलर था।
 
संचयी रूप से चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जनवरी के दौरान सोने का आयात 32 प्रतिशत बढ़कर 50 अरब डॉलर रहा जो बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में 37.85 अरब डॉलर था।
 
आयात में वृद्धि एक सुरक्षित परिसंपत्ति के रूप में कीमती धातु में निवेशकों के मजबूत भरोसे का भी संकेत देती है। अन्य कारणों में वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण निवेश को विविध रूप देने के लिए सोने में निवेश, बैंकों की मांग और सीमा शुल्क में कटौती है।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल अबतक सोने की कीमत 11 प्रतिशत बढ़कर 88,200 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। भारत का सोने का आयात 2023-24 में 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर रहा। सोने के आयात का देश के चालू खाता घाटे (सीएडी) पर असर पड़ता है।
 
स्विट्जरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है। इसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है। देश के कुल आयात में कीमती धातु की हिस्सेदारी पांच प्रतिशत से अधिक है।
 
सोने के आयात में उछाल से देश का व्यापार घाटा (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) जनवरी में 23 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोने का उपभोक्ता देश है। आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की जरूरतों के लिए है। रत्न एवं आभूषण निर्यात पिछले महीने सालाना आधार पर 15.95 प्रतिशत बढ़कर लगभग तीन अरब डॉलर हो गया। देश में चांदी आयात जनवरी में 82.84 प्रतिशत उछलकर 88.32 करोड़ डॉलर का रहा। इनपुट भाषा   Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
Israel ने लेबनान में किया ड्रोन से हमला, हमास का सैन्य अभियान प्रमुख ढेर