शुक्रवार, 4 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. one big beautiful bill passed in US Parliament, what will be musk new step
Last Updated :वॉशिंगटन , शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 (10:18 IST)

ट्रंप की बड़ी जीत, दोनों सदनों में पास हुआ टैक्स बिल, अब क्या होगा मस्क का अगला कदम?

US Parliament
Donald Trump news in hindi : रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों के समर्थन से अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 4,500 अरब डॉलर के कर छूट और व्यय कटौती विधेयक (One big beautiful bill) को पारित कर दिया। इसी के साथ, इस विधेयक को अमेरिकी संसद के दोनों सदनों की मंजूरी मिल गई और इसे अब राष्ट्रपति ट्रंप के पास हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा। इसे ट्रंप की बड़ी जीत माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर लगी हुई है कि एलन मस्क का अगला कदम क्या होगा?
 
प्रतिनिधि सभा में कर छूट और व्यय कटौती विधेयक विधेयक 214 के मुकाबले 218 मतों से पारित किया गया। इस विधेयक का विरोध करने के लिए रिपब्लिकन के 2 सदस्य डेमोक्रेट पार्टी के साथ हो गए जो इसका पहले से विरोध कर रह थे। डेमोक्रेटिक पार्टी नेता एवं न्यूयॉर्क से सदस्य हकीम जेफ्रीस ने विधेयक के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ भाषण देकर आठ घंटे से अधिक समय तक सदन में मतदान में देरी कराई।
 
सदन के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने कहा कि हमें एक बड़ा काम पूरा करना है। एक बड़े खूबसूरत विधेयक के साथ हम इस देश को पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत, सुरक्षित और समृद्ध बनाने जा रहे हैं।
 
क्या है बिग ब्यूटीफुल बिल : 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' (OBBBA) 2025 एक व्यापक विधेयक है। 940 पन्नों का "वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट" ट्रंप के सबसे महत्वाकांक्षी विधेयकों में से एक है। इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के घरेलू नीति एजेंडे और उनके चुनावी वादों को लागू करने के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य टैक्स कटौती का विस्तार करना, सीमा सुरक्षा पर खर्च बढ़ाना, और कुछ सरकारी कार्यक्रमों में कटौती करना है। इसे सीनेट में कुछ दिन पहले ही मंजूरी मिल गई थी।
 
मस्क पर सबकी नजर : अरबपति एलन मस्क ने भी इस विधेयक का विरोध करते हुए कहा था कि अगर ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ पारित हो जाता है तो वह एक नई पार्टी शुरू करेंगे। उन्होंने इस बिल को पोर्की पिग पार्टी का बिल करार दिया था। इस शब्द का इस्तेमाल फिजूलखर्ची के लिए किया जाता है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हुई है कि मस्क का अगला कदम क्या होगा? वह कब और कैसे एक नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत करते हैं।
edited by : Nrapendra Gupta