म्यांमार में सेना ने किए हवाई हमले, 21 लोगों की मौत, 7 घायल, 15 घर क्षतिग्रस्त  
					
					
                                       
                  
				  				
								 
				  
                  				  Myanmar News : म्यांमार की सेना ने देश के रत्न खनन केंद्र मोगोक पर हवाई हमला किया जिसमें एक गर्भवती महिला समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हुए। मृतकों की संख्या करीब 30 हो सकती है, क्योंकि जिस घर पर बम गिरा था वहां गर्भवती महिला के घर मेहमान आए हुए थे। घरों और बौद्ध मठ की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। लड़ाकू विमान से गिराए गए बम से 15 घर भी क्षतिग्रस्त हुए। म्यांमार की सेना ने इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
				  																	
									  
	 
	यह जानकारी शनिवार को एक विपक्षी संगठन और स्थानीय निवासियों ने दी। ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) के प्रवक्ता लवे याय ऊ ने बताया कि मोगोक के श्वेगु वार्ड में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे यह हमला हुआ। उन्होंने कहा, करीब 21 नागरिक मारे गए और सात लोग घायल हुए। घरों और बौद्ध मठ की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
				  				  						
						
																							
									  
	जुलाई में मोगोक पर कब्जा करने वाले टीएनएलए ने कहा कि मरने वालों में 16 महिलाएं शामिल हैं। उसके अनुसार, लड़ाकू विमान से गिराए गए बम से 15 घर भी क्षतिग्रस्त हुए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मृतकों की संख्या करीब 30 हो सकती है, क्योंकि जिस घर पर बम गिरा था वहां गर्भवती महिला के घर मेहमान आए हुए थे। स्वतंत्र समाचार माध्यमों ने हमले के बाद की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं।
				  																													
								 
 
 
  
														
																		 							
																		
									  
	 
	म्यांमार की सेना ने इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। सेना का कहना है कि वह केवल आतंकवादियों को निशाना बनाती है लेकिन इसके हवाई हमलों में अक्सर नागरिकों की मौत होती रही है। वर्ष 2021 में सेना द्वारा सत्ता कब्जाने के बाद से म्यांमार में लगातार संघर्ष जारी है।
				  																	
									  				  																	
									  
	प्रतिरोध समूहों के पास हवाई हमलों का कोई बचाव नहीं है। विपक्ष का अनुमान है कि सेना वर्तमान में देश के आधे से भी कम हिस्से पर नियंत्रण रखती है, जबकि इस वर्ष होने वाले चुनावों की तैयारियां जारी हैं जिन्हें व्यापक रूप से अलोकतांत्रिक माना जा रहा है। (भाषा)
	Edited By : Chetan Gour