गुरुवार, 25 सितम्बर 2025
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. बीजेपी ने बताया बिहारियों का अपमान
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 5 सितम्बर 2025 (12:41 IST)

बी फॉर बीड़ी बी फॉर बिहार, केरल कांग्रेस के ट्वीट पर बवाल, बीजेपी ने बताया बिहारियों का अपमान

केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट में बी फॉर बीड़ी बी फॉर बिहार कहे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बताया है।

shehzad poonawala
beedi bihar kerala congress :'बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार...' सोशल मीडिया साइट एक्स पर केरल कांग्रेस की पोस्ट पर बवाल मच गया। भाजपा ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पोस्ट पर हंगामे के बाद पार्टी ने इस ट्वीट को डिलिट कर दिया है। 
 
केरल कांग्रेस की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में एक चार्ट दिखाया है। इसमें सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पादों और बीड़ी पर जीएसटी की तुलना की गई है। बताया गया है कि तंबाकू पर जीएसटी मौजूदा 28 पर्सेंट से बढ़ाकर 40 पर्सेंट कर दिया गया है। सिगरेट और सिगार पर भी इसी तरह टैक्स बढ़ाया गया है। लेकिन बीड़ी पर जीएसटी कम कर दिया गया है। बीड़ी पर पहले 28 पर्सेंट जीएसटी था, जिसे घटाकर 18 पर्सेंट कर दिया गया है। इसी के साथ कहा गया कि बीड़ी और बिहार दोनों बी से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता। 
 
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से अपनी बिहार विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने बिहार व बिहारियों की तुलना बीड़ी से की है। सोचिए ये किस तरह की मानसिकता है। ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी की मां को गालियां दीं, भद्दी बातें बोलीं।
 
पूनावाला ने कहा कि अगर वो B से बिहार और B से बीड़ी कहते हैं, तो हम भी कह सकते हैं कि C से कांग्रेस है, C से करप्शन है, चाटुकारिता है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से बिहार के इस अपमान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। बिहार की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। 
गृह राज्य मंत्री और बिहार से भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि देश भर के कांग्रेस नेता और बिहार में सभी राजद नेता बिहारियों का अपमान करने में आनंद लेते हैं। उन्हें बिहारियों और बिहारी गौरव को अपमानित करने में गर्व महसूस होता है। बिहार की जनता ऐसे सभी लोगों को सबक सिखाएंगे जो बिहारियों और उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाते हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव क्या कहेंगे, वे ही हैं जो उनसे यह सब कहलवाते हैं।

बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडेय ने केरल कांग्रेस के 'बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहार...' ट्वीट पर कहा कि यह बिहार के लोगों का बहुत बडा अपमान है। कांग्रेस पार्टी जहां भी कहीं दूसरी जगह सत्ता में रही है, हमेशा वहां पर बिहारियों का अपमान हुआ है। बिहार के लोगों को बहुत गलत तरीके और नजरिए से कांग्रेस पार्टी के लोग देखते हैं, जो हर बिहारी का अपमान है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।
edited by : Nrapendra Gupta