मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. BS Yediyurappa Names 3 Deputies As Karnataka Cabinet Portfolios Announced
Written By
Last Updated : मंगलवार, 27 अगस्त 2019 (14:45 IST)

कर्नाटक में कैबिनेट का बंटवारा, BJP ने राज्य में बनाए 3 डिप्टी CM

कर्नाटक में कैबिनेट का बंटवारा, BJP ने राज्य में बनाए 3 डिप्टी CM - BS Yediyurappa Names 3 Deputies As Karnataka Cabinet Portfolios Announced
बेंगलुरू। कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा सरकार में मंत्रिमंडल का बंटवारा कर दिया गया। भाजपा ने कर्नाटक में सरकार साधने की कवायद की रणनीति के मद्देनजर 3 डिप्टी सीएम बनाए हैं।
 
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने 17 नवनियुक्त मंत्रियों को सोमवार को विभागों की जिम्मेदारी सौंपी। इन मंत्रियों को करीब एक सप्ताह पूर्व कैबिनेट में शामिल किया गया था। विधानसभा चुनाव में हारे लिंगायत नेता लक्ष्मण सावदी, जो विधानसभा मे 'पोर्न गेट' के कारण सुर्खियों में, उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।
 
जिन तीन उपमुख्यमंत्री में गोविंद करजोल को पीडब्ल्यूडी और समाज कल्याण, अश्वत्थ नारायण को उच्च शिक्षा, आईटी और बीटी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा लक्ष्मण सावदी को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 
बसवराज बोम्मई को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई। उपमुख्यमंत्री बनाए गए सावदी न तो विधानसभा के सदस्य हैं न ही विधानपरिषद के। उन्हें कैबिनेट में शामिल किए जाने को लेकर भाजपा के कुछ वरिष्ठ विधायक नाराज भी हैं।
 
पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को बड़े और मध्यम स्तरीय उद्योग का मंत्रालय, दो पूर्व उप मुख्यमंत्री-के एस ईश्वरप्पा और आर. अशोक को क्रमश: ग्रामीण विकास और पंचायती राज, तथा राजस्व विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
 
वरिष्ठ नेता बी. श्रीरामुलू को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री बनाया गया है जबकि एस. सुरेश कुमार को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग का कार्यभार दिया गया है।
 
अन्य मंत्रियों में वी. सोमन्ना (आवास), सीटी रवि (पर्यटन, कन्नड़ और संस्कृति), बसवराज बोम्मई (गृह), कोटा श्रीनिवार पुजारी (मत्स्य, बंदरगाह और इनलैंड ट्रांसपोर्ट), जेसी मधुस्वामी (कानून, संसदीय मामले और लघु सिंचाई) शामिल हैं।
 
सीसी पाटिल को खान और भूगर्भ, एच नागेश को आबकारी, प्रभु चव्हाण को पशुपालन और शशिकला जोले को महिला और बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।