मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update cyclone threat in bay of bengal
Last Modified: मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024 (08:18 IST)

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 2 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

weather update
weather update : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके 24 अक्टूबर की रात को चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर पुरी और सागर द्वीपों के बीच ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
 
आईएमडी ने कहा कि इस तूफान के कारण 23 से 25 अक्टूबर तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। निम्न दबाव प्रणाली 22 अक्टूबर तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर और तीव्र हो सकती है और फिर अगले दिन चक्रवाती तूफान में बदल सकती है।
 
यह 24 अक्टूबर की रात और 25 अक्टूबर की सुबह के समय पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार कर सकता है, जिस दौरान हवा की गति 100-110 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है, जो बढ़कर 120 किलोमीटर तक प्रतिघंटा हो सकती है।
 
मछुआरों को चेतावनी : मौसम विभाग ने मछुआरों को 23 से 25 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह देते हुए चेतावनी दी है कि 23 अक्टूबर से ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक हवा की गति बढ़कर 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा और 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
 
मौसम विभाग ने 23 अक्टूबर को तटीय जिलों पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। 24 और 25 अक्टूबर को पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और झाड़ग्राम में भारी से बहुत भारी बारिश होने और एक या दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। 24 और 25 अक्टूबर को कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
 
मध्‍यप्रदेश में शुष्क रहेगा मौसम : मध्य प्रदेश में आने वाले कुछ दिनों में मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। राज्य में रात के तापमान में गिरावट आई है। अरब सागर में बने सिस्टम की वजह से अगले एक दो दिन में सामान्य तापमान में और गिरावट आ सकती है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 37.9 डिग्री तापमान पृथ्वीपुर और सबसे कम 14.8 डिग्री तापमान पचमढ़ी में रिकॉर्ड हुआ।  
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
दिल्ली में आज से GRAP 2 की पाबंदियां लागू, क्या होगा आप पर असर?