मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Tirathsingh rawat resigns, Who will be next uttarakhand CM
Written By
Last Updated : शनिवार, 3 जुलाई 2021 (08:22 IST)

4 माह भी सीएम नहीं रहे तीरथ सिंह रावत, कौन होगा उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री?

4 माह भी सीएम नहीं रहे तीरथ सिंह रावत, कौन होगा उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री? - Tirathsingh rawat resigns, Who will be next uttarakhand CM
देहरादून। 4 माह से भी कम समय तक उत्तराखंड की कमान संभालने वाले तीरथसिंह रावत ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। शनिवार को विधायक दल की बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।
 
मुख्‍यमंत्री पद के लिए इस समय 5 नाम चर्चा में हैं। उनमें धनसिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, बंशीधर भगत, बिष्णु सिंह चुफाल के नाम चर्चा में हैं। धनसिंह को इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है क्योंकि उन्हें संघ का करीबी माना जाता है साथ ही त्रिवेन्द्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद उनका नाम भी मुख्‍यमंत्री पद के लिए चला था।

इसके अलावा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को भी एक प्रमुख उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है। महाराज कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। वह 2014 में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हरीश रावत से पिछड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। महाराज पौड़ी जिले के चौबत्ताखाल से विधायक हैं। वह एक आध्यात्मिक गुरु भी हैं जिनके देशभर में प्रशंसक हैं।
 
क्यों दिया तीरथ सिंह ने इस्तीफा : इस्तीफा देने के बाद मुख्यमंत्री रावत ने बताया कि उनका इस्तीफा देने की मुख्य वजह संवैधानिक संकट था, जिसमें निर्वाचन आयोग के लिए चुनाव कराना मुश्किल था। रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अपने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने उन्हें उच्च पदों पर सेवा करने का मौका दिया।
 
त्रिवेन्द्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद बने थे सीएम : त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद तीरथ सिंह ने 10 मार्च को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। त्रिवेंद्र सिंह रावत करीब 4 वर्ष तक राज्य के मुख्‍यमंत्री रहे। इस्तीफे के बाद रावत ने कहा था कि एक छोटे से कार्यकर्ता को 4 साल तक राज्य के मुख्‍यमंत्री के रूप में सेवा करने का मौका दिया। मेरे लिए राज्य का मुख्‍यमंत्री बनना सौभाग्य की बात है।