मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Sonu Nigam upload Ajan video on twitter
Written By
Last Modified: मुंबई , रविवार, 23 अप्रैल 2017 (18:28 IST)

सोनू निगम ने डाला अजान का वीडियो

सोनू निगम ने डाला अजान का वीडियो - Sonu Nigam upload Ajan video on twitter
मुंबई। धर्मोपदेशों में लाउड स्पीकर का इस्तेमाल करने की आलोचना कर विवाद में फंसे गायक सोनू निगम ने अजान का वीडियो साझा किया। 43 वर्षीय गायक ने ट्विटर पर लगभग दो मिनट की वीडियो क्लिप डाली है जो ऐसा लगता है कि उन्होंने ही रिकॉर्ड की है।
 
सोनू ने इस वीडियो का शीषर्क ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ दिया है। हालांकि इसमें उन्होंने समय या स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गत 17 अप्रैल को, गायक ने कई ट्वीट कर धर्मोपदेशों के लिए लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल करने को ‘गुंडागर्दी’करार दिया था।
 
इसके बाद कोलकाता के मौलवी सैयद शा अतेफ अली अल कादरी ने सोनू के खिलाफ फतवा जारी किया था और ऐसे ट्वीट करने के लिए उन्हें गंजा करने की धमकी दी थी, लेकिन गायक ने एक संवाददाता सम्मेलन में सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट से खुद ही अपना सिर मुंडवा लिया।
 
सोनू ने जोर देकर कहा कि उनके ट्वीट सुबह होने वाले धर्मोपदेशों में लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल के खिलाफ हैं और उनमें किसी धर्म विशेष को निशाना नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने केवल लाउडस्पीकरों के खिलाफ बोला है। अपनी राय रखने का हर किसी को अधिकार है। 
 
मुझे मेरी राय रखने का अधिकार है और इसका गलत अर्थ नहीं लगाया जाना चाहिए। लाउडस्पीकर जरूरत नहीं हैं, वह किसी भी धर्म का हिस्सा नहीं हैं। इस विवाद के बीच अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा था कि उन्हें अजान से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन उन्हें ऐसा महसूस होता है कि गायक ने जो कुछ भी कहा है उसका सम्मान किया जाना चाहिए और उस पर चर्चा भी होनी चाहिए।

गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि किसी भी धर्मस्थल पर की जाने वाली प्रार्थनाओं से दूसरों को परेशानी नही हो।