रविवार, 20 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Lok Sabha Speaker along with 2 Union Ministers reached Kundalpur and took blessings of Acharyashree
Written By
Last Modified: शनिवार, 19 फ़रवरी 2022 (22:53 IST)

लोकसभा अध्यक्ष ने 2 केंद्रीय मंत्रियों के साथ कुंडलपुर पहुंचकर आचार्यश्री का लिया आशीर्वाद

लोकसभा अध्यक्ष ने 2 केंद्रीय मंत्रियों के साथ कुंडलपुर पहुंचकर आचार्यश्री का लिया आशीर्वाद - Lok Sabha Speaker along with 2 Union Ministers reached Kundalpur and took blessings of Acharyashree
कुंडलपुर (दमोह)। मध्‍यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ कुंडलपुर में चल रहे महोत्सव में चौथे दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल एवं केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने कुंडलपुर पहुंचकर आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। तीनों मंत्रियों ने पहाड़ पर बने बड़े बाबा आदिनाथ भगवान के विशाल मंदिर के दर्शन किए।

महोत्सव में आज आदिकुमार के पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुए। इसके बाद महाराजा नाभिराय ने उन्हें अयोध्या का महाराजा घोषित करते हुए उनका राज्याभिषेक किया। महोत्सव में आज लगभग 15 राज्यों एवं 5 देशों से लगभग एक लाख से अधिक भक्त कुंडलपुर पहुंचे हैं। कल आचार्यश्री आदिकुमार के साथ अपने शिष्यों को मुनि दीक्षा दे सकते हैं।

छोटा पड़ गया पांडाल : महोत्सव में लगभग 5 एकड़ भूमि पर बना विशाल पांडाल आज छोटा पड़ गया। 50 हजार से अधिक लोग पांडाल में बैठकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। लगभग इतने ही लोग पांडाल से बाहर खड़े होकर एलईडी पर यह महोत्सव देख रहे थे।

महोत्सव के प्रतिष्ठाचार्य ब्रह्मचारी विनय भैया ने सुबह भगवान का अभिषेक, शांतिधारा के बाद तीर्थंकर भगवान के जन्मोत्सव की पूजा सम्मान कराई। विनय भैया के निर्देशन में दोपहर में महाराजा नाभिराय के महल में युवा आदिकुमार के विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। महिला पात्रों ने मंगल गीत गाए।

इसके बाद महाराजा नाभिराय का दरबार सजाया गया। आदिकुमार का राज्याभिषेक किया गया। महाराजा आदिकुमार ने कृषि मषि या ऋषि बनने की शिक्षा दी। उन्होंने अपनी दोनों बेटियों ब्राह्मी और सुन्दरी को लिपि और अंक विद्या की सीख दी।