शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. latest weather news in india 28 july 2023
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 28 जुलाई 2023 (09:30 IST)

Weather Updates: मुंबई पानी-पानी, 26 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

Weather Updates: मुंबई पानी-पानी, 26 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट - latest weather news in india 28 july 2023
Weather Updates: मुंबई (Mumbai) में गुरुवार को भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया। अधिकतर मुख्य सड़कों पर भीषण जाम लग गया। पश्चिमी एवं मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन (Suburban train) सेवाओं में देरी हुई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में गुरुवार को भी बारिश (rain) का सिलसिला जारी रहा। IMD ने 26 राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
 
महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत जम्मू-कश्मीर में तेज वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जम्मू और कश्मीर संभाग के कई जिलों में बरसाती नाले उफान पर आ गए हैं। हिमाचल प्रदेश में कई जगह भूस्खलन होने से दर्जनों सड़कें बंद हो गईं और सैकड़ों लोग फंस गए हैं।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने मुंबई एवं पड़ोसी रायगढ़ जिले में गुरुवार को बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है।
 
उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने शुक्रवार को मुंबई के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को दिन में मुंबई में बारिश की तीव्रता अधिक थी जबकि उपनगरों में दोपहर बाद से भारी बारिश हुई, उत्तर में दहिसर में 185.41 मिलीमीटर बारिश हुई।
 
स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोपहर बाद 3.30 बजे माटुंगा, डीएन नगर, बायकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में जलजमाव देखा गया, इनमें से अधिकांश क्षेत्रों में लगभग आधा फुट तक पानी भर गया था।
 
अधिकारी ने बताया कि शाम को उत्तर की ओर यातायात धीमा था और लोगों को कार्यालयों से अपने घरों की ओर जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं पूरे दिन 10-15 मिनट की देरी से चलीं जिसका प्रमुख कारण क्रमश: दक्षिण और उत्तर में मरीन लाइन्स और बोरीवली स्टेशनों पर जलभराव था।
 
वायुसेना ने 6 लोगों को बचाया :  भारतीय वायुसेना के 2 हेलीकॉप्टरों ने हैदराबाद के समीप हकीमपेट वायुसेना अड्डे से उड़ान भरी और तेलंगाना के जयशंकर भूपालपल्ली जिले में बाढ़ से प्रभावित गांव में मिट्टी की खुदाई करने वाली एक मशीन पर फंसे 6 लोगों को बचाया। इन 6 लोगों को जिले के नैनपाका गांव में मिट्टी की खुदाई करने वाली मशीन (अर्थमूवर) से बचाया गया।
 
जम्मू संभाग के जिला कठुआ के भीनी नाले में अचानक आए पानी से पुल की अप्रोच रोड बह गई। लोक संपर्क विभाग ने एहतियातन इस पुल को आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। कश्मीर संभाग में रात में भारी बारिश हुई जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। नदी-नाले भी खतरे के निशान पर बह रहे हैं।
 
हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा जिले में घग्गर नदी का जलस्तर तेजी के साथ कम हो रहा है। इसके बावजूद अभी भी कई इलाकों में स्थितियां सामान्य नहीं होने के कारण लोगों को मुश्किलों के दौर से गुजरना पड़ रहा है, वहीं सिरसा जिले में घग्गर नदी का जलस्तर 58 हजार से गिरकर अब 26 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है।
 
महाराष्ट्र  में इरशालवाड़ी त्रासदी के बाद रायगढ़ में भूस्खलन की आशंका के चलते 103 गांवों के करीब 7,000 लोगों को 51 शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। 19 जुलाई को  इरशालवाड़ी त्रासदी में 27 लोग मारे गए थे और 57 अभी भी लापता हैं। 
 
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ब्यास, सतलुत और रावी नदियां भी रौद्र रूप दिखा रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में शुक्रवार को भी भारी बारिश की संभावना देखते हुए ऑरेंज जारी किया है। इस बीच भूस्खलन के कारण किन्नौर और स्पीति घाटी का शिमला से संपर्क कट गया है।
 
पाकिस्तान पहुंच गया भारतीय नागरिक : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से गुजरने वाली सतलुज नदी में बाढ़ की चपेट में आकर एक भारतीय बहकर पाकिस्तान पहुंच गया। वह हुसैनवाली बॉर्डर के पास पाकिस्तान के कसूर जिले के गंडा सिंह वाला क्षेत्र में पहुंच गया था। वह मूकबधिर है और सीमा पार पाकिस्तानी रेंजर्स को बेहोशी की हालत में मिला था।
 
निम्न दबाव का एक क्षेत्र उत्तरी आंध्रप्रदेश और इससे सटे दक्षिणी ओडिशा पर है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, गुना, जबलपुर और रायपुर से होकर गुजर रही है, जो उत्तरी आंध्रप्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा पर एक अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र के मध्य में है और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जाती है।
 
उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण जम्मू और आसपास के क्षेत्रों पर है। कतरनी क्षेत्र 20 डिग्री उत्तर अक्षांश पर चल रहा है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज शु्क्रवार को तेलंगाना, विदर्भ, कोंकण और गोवा, मध्यप्रदेश और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश संभव है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
दिल्ली, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, राजस्थान, दक्षिणी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, केरल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात, झारखंड, दक्षिणी हरियाणा, बिहार, दक्षिणी पंजाब, लक्षद्वीप, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
वंदे भारत के खाने में निकला कॉकरोच, IRCTC ने जताया खेद