Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मौसम के तेवर काफी तीखे बने हुए हैं। दिल्ली से यूपी और राजस्थान (Delhi to UP and Rajasthan) तक पूरे उत्तर भारत में तेज व तपा देने वाली गर्मी पड़ रही है। दूसरी ओर पूर्वोत्तर और मध्यभारत में बारिश (rain) की संभावना है। गर्मी के प्रकोप से उत्तर भारत के कई राज्यों में बिना एसी-कूलर (AC-cooler) के रह पाना मुश्किल हो गया है, वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है जिसका असर भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है।
ALSO READ: Weather Update: प्रचंड गर्मी का दौर जारी, IMD का बारिश और लू का अलर्ट, जानें देशभर का ताजा मौसम
बारिश का दौर और 12 राज्यों के लिए लू की चेतावनी : आईएमडी के अनुसार वर्तमान में पूर्वोत्तर और मध्यभारत में बारिश का दौर बना हुआ है। हालांकि यहां बारिश होने से उत्तर भारत की गर्मी कम नहीं हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 12 राज्यों के लिए लू की चेतावनी जारी कर दी है। विभाग के अनुसार दिल्ली समेत 12 राज्यों में हीट वेव का गंभीर असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने से लोगों का बुरा हाल : दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने से लोगों का बुरा हाल है। यहां दिन और रात दोनों समय गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों दिल्ली के तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले है, वहीं मौसम विभाग ने कि राजधानी दिल्ली में 27 अप्रैल तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में लू का अलर्ट : आईएमडी के अनुसार मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 30 अप्रैल तक और पूर्वी हिस्से में 27 अप्रैल तक हीट वेव चलने की आशंका है। राजस्थान में 30 अप्रैल तक हीट वेव चलने की आशंका है, वहीं उत्तरप्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड में 26 अप्रैल, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली में 29 अप्रैल और छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य महाराष्ट्र में आज यानी 25 अप्रैल तक लू जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। लिहाजा इन राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है।
ALSO READ: Weather Update : राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, कई जगह पारा 45 डिग्री के पार
यहां हो रही बारिश और बारिश होने की संभावना : पश्चिमी हिमालय वाले हिस्सों में 26 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस बीच असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। उत्तरी ओडिशा, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटक, तटीय आंध्रप्रदेश, यनम रॉयल सीमा, केरल, तमिलनाडु पुडुचेरी में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय : पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडल स्तर पर लगभग 75 डिग्री पूर्व में अक्षांश 30 डिग्री उत्तर के उत्तर में एक गर्त के रूप में देखा जाता है। पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण है। उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से उत्तर-दक्षिणी गर्त विदर्भ, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु से होते हुए मन्नार की खाड़ी तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैल रहा है। उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण है। एक और चक्रवाती परिसंचरण तमिलनाडु के दक्षिणी तट पर औसत समुद्र तल से 1.5 और 3.1 किमी ऊपर है।
पिछले 24 घंटों में मौसम की गतिविधि : पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। केरल, उत्तरी कर्नाटक, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय और मणिपुर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जम्मू और कश्मीर और लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई। गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रही और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में लू चली।
आज शुक्रवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शुक्रवार, 25 अप्रैल को असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और दक्षिण तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। अगले 48 घंटों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तीव्र बारिश हो सकती है।
ALSO READ: इंदौर में भीषण गर्मी, तीसरे दिन भी तापमान 41 डिग्री पार, लू से 4 मोरों की मौत
मध्यप्रदेश समेत अनेक राज्यों में चलेगी लू : मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, विदर्भ, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। बिहार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में रात में गर्म मौसम रहने की उम्मीद है।(Photo courtesy: IMD)
Edited by: Ravindra Gupta