शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. What did Chandrababu Naidu and Nitish Kumar say in the NDA parliamentary party meeting?
Last Updated : शुक्रवार, 7 जून 2024 (16:36 IST)

NDA संसदीय दल की बैठक में क्या बोले चंद्रबाबू नायडू और नी‍तीश कुमार?

कहा कि क्षेत्रीय आकांक्षाओं और राष्ट्रीय हितों का संतुलन जरूरी

NDA संसदीय दल की बैठक में क्या बोले चंद्रबाबू नायडू और नी‍तीश कुमार? - What did Chandrababu Naidu and Nitish Kumar say in the NDA parliamentary party meeting?
NDA parliamentary party meeting: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख सहयोगी दल तेलुगुदेशम पार्टी (TDP) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) और बिहार के मुख्यमंत्री तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेता के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम का समर्थन किया। नायडू ने इस अवसर पर क्षेत्रीय आकांक्षाओं और राष्ट्रीय हितों का संतुलन बनाकर चलने की जरूरत बताई।

 
अनेक नेताओं ने किया समर्थन : राजग संसदीय दल की बैठक में सहयोगी दल जनता दल-सेक्यूलर के नेता एचडी कुमारस्वामी, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार, हम (एस) के प्रमुख जीतनराम मांझी समेत अन्य सहयोगी नेताओं ने मोदी को राजग का नेता चुनने के वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया।
 
नायडू ने इस अवसर पर कहा कि समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए क्षेत्रीय आकांक्षाओं और राष्ट्रीय हितों का संतुलन बनाते हुए चलना होगा। उन्होंने कहा कि आंध्रप्रदेश में मोदी की रैलियों की वजह से तेदेपा को लोकसभा चुनाव में 16 सीटें जीतने में मदद मिली।

 
नायडू ने कहा कि आज भारत के पास सही समय पर सही नेता : नायडू ने कहा कि आज भारत के पास सही समय पर सही नेता हैं, जो नरेन्द्र मोदी हैं। यह भारत के लिए बहुत अच्छा अवसर है। अगर अब मौका गंवा दिया तो हमेशा यह बात खलेगी इसलिए आज हमारे पास शानदार अवसर है।
 
क्या बोले नीतीश कुमार : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वास जताया कि मोदी बड़े स्तर पर भारत का विकास करेंगे और बिहार पर भी ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि मोदी भारत का विकास करेंगे और हम हर दिन तहेदिल से उनका समर्थन करेंगे।

 
नीतीश ने कहा कि उनकी पार्टी मोदी के कार्यकाल में हर दिन भाजपा के साथ खड़ी रहेगी और बिहार के सभी लंबित काम किए जाएंगे। बहुत अच्छी बात है कि हम सब साथ आए हैं और हम सब आपके साथ मिलकर काम करेंगे। हम सब आपके नेतृत्व में काम करेंगे।
 
बिहार के मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने देखा कि कुछ लोग चुनाव जीत गए और अनर्गल बातें कर रहे हैं। उन्होंने कुछ काम नहीं किया, कभी देश की सेवा नहीं की। अगली बार जब आप जीतेंगे तो वे सभी हार जाएंगे।(भाषा)
 
Edited by : Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
NDA की बैठक में पैर छूने के लिए झुके नीतीश कुमार, मोदी ने पकड़ा हाथ