मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold silver rates in Delhi
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 8 जुलाई 2017 (15:44 IST)

सोना सस्ता हुआ, चांदी सवा साल के निचले स्तर पर

सोना सस्ता हुआ, चांदी सवा साल के निचले स्तर पर - Gold silver rates in Delhi
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में सप्ताहांत की बड़ी गिरावट का असर शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार पर दिखा, जहां सोना 250 रुपए लुढ़ककर साढ़े सात सप्ताह से अधिक के निचले स्तर 28 हजार 900 रुपए प्रति दस ग्राम पर और चांदी 800 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ सवा साल के निचले स्तर 37,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। 
 
पिछले साल सोने पर उत्पाद शुल्क लगाने के विरोध में देश भर के सर्राफा कारोबारियों की 42 दिन की हड़ताल के बाद से यह पहला मौका है जब चांदी 38 हजार से नीचे उतरी है। कारोबारियों ने 02 मार्च 2016 से हड़ताल की थी। हड़ताल से पहले 36 हजार 800 रुपए पर रही चांदी हड़ताल टूटने के बाद 38 हजार 200 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली और आज पहली बार 38 हजार से नीचे उतरी है।
 
दोनों कीमती धातुओं में गिरावट का मुख्य कारण विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर इनका टूटना रहा है। शुक्रवार को भारतीय बाजार बंद होने के बाद विदेशों में सोने-चांदी पर दबाव और बढ़ गया। सोना अंतत: एक प्रतिशत और चांदी करीब तीन प्रतिशत की गिरावट में बंद हुई। सोना हाजिर 12 डॉलर टूटकर 1,224.75 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 11.40 डॉलर की गिरावट के साथ 1,211.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में शुक्रवार को जारी रोजगार आंकड़े उम्मीद से कहीं मजबूत रहने से सोने पर दबाव रहा। जून में अमेरिका में दो लाख 22 हजार नए रोजगार मिले। इससे अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत मिलते हैं। इस कारण ब्याज नहीं देने वाली पीली धातु के भाव फिसल गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.46 डॉलर की बड़ी गिरावट के साथ 15.57 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
कश्मीर में चली पेलेट गन, आठ महिलाएं घायल