बुधवार, 25 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. storm and heavy rain threat in 13 states
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 7 मई 2018 (09:05 IST)

गृह मंत्रालय का अलर्ट, 13 राज्यों में तबाही मचा सकता है तूफान

गृह मंत्रालय का अलर्ट, 13 राज्यों में तबाही मचा सकता है तूफान - storm and heavy rain threat in 13 states
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने रविवार को अलर्ट जारी करते हुए कहा कि देश के कम से कम 13 राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों में सोमवार को आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका है। हरियाणा में अलर्ट के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
 
मंत्रालय ने बताया है कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर सोमवार को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है जबकि उत्तराखंड और पंजाब के कुछ स्थानों पर गरज-बरज के साथ बारिश आ सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
भारतीय मौसम विभाग के एक परामर्श का उल्लेख करते हुए गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 
 
अधिकारी के मुताबिक, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी गरज-बरज के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। 
 
अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है और गरज के साथ बारिश हो सकती हैं। 
 
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह धूल भरी आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने के कारण पांच राज्यों में 124 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
उत्तरी नाइजीरिया में गांव पर हमला, 45 की मौत