शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Mob sets ablaze a portion of Minister RK Ranjan Singhs residence
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 16 जून 2023 (11:29 IST)

मणिपुर में मोदी के मंत्री आर के रंजन सिंह के घर भीड़ का हमला, लगाई आग

मणिपुर में मोदी के मंत्री आर के रंजन सिंह के घर भीड़ का हमला, लगाई आग - Mob sets ablaze a portion of Minister RK Ranjan Singhs residence
Manipur News : केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आर के रंजन सिंह के इंफाल स्थित घर में गुरुवार को भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके घर पर जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ ने मंत्री के घर को आग लगा दी। सुरक्षाबलों और दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और घर को जलने से बचा लिया।
 
इससे पहले, इंफाल के बीचों-बीच गुरुवार दोपहर को मणिपुर रैपीड एक्शन फोर्स और भीड़ के बीच झड़पें हुई थीं और भीड़ ने दो घरों को आग लगा दी थी।
 
इस बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्‍वीट कर उग्रवादी नेता के पत्र के हवाले से कहा कि हिमंत बिस्वा और राम माधव ने मणिपुर चुनाव जीतने के लिए उग्रवादी संगठन की मदद ली थी।
 
दरअसल, एक उग्रवादी नेता ने एनआईए कोर्ट में हलफनामे के साथ एक पत्र जमा किया है, जो कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 2019 में लिखा गया था। इसमें दोनों नेताओं (राम माधव और सरमा) के साथ बैठक होने और चुनाव जीतने में मदद करने की बात कही गई है।
 
कांग्रेस नेता डॉ. अजय कुमार ने आरोप लगाया कि मणिपुर में हिंसा के दौरान आर्मरी से हथियार लूटे नहीं गए, बल्कि पुलिस द्वारा एक तरह से दिए गए थे। उन्होंने कहा कि उग्रवादियों को 5 लाख गोलियां और हथियार दिए गए। उन्होंने मीडिया से सवाल किया कि क्या इस बारे में भाजपा से सवाल नहीं करोगे? उन्होंने कहा कि देश जल रहा, देश टूट रहा है। कुमार ने कहा कि भाजपा विधायक अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनसे मिलने भी कोई नहीं जा रहा है।
 
गौरतलब है कि मणिपुर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' के आयोजन के बाद झड़पें हुई थीं। इसके घटना के बाद से राज्य में मेइती और कुकी समुदाय के लोगों के बीच हुई जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
भारत और चीन ने मई में रूस का 80 प्रतिशत तेल खरीदा : आईईए