शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 5 accused sent to judicial custody in Bahraich violence case
Last Updated :बहराइच (यूपी) , शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2024 (19:14 IST)

Bahraich Violence Case : 5 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा, अब तक 60 लोगों को किया गिरफ्तार

Bahraich Violence Case
UP Crime News : बहराइच में हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार 5 लोगों को शुक्रवार को एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हिंसा से प्रभावित हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज बाजार की मुख्य मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने कोई नहीं आया। नमाज को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी।
 
पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए 5 लोगों सरफराज, मोहम्मद तालीम, अब्दुल हमीद, फहीम और मोहम्मद अफजल को शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतिभा चौधरी की अदालत में पेश किया गया। हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा कारणों से सुनवाई अदालत के बजाय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास पर हुई।
इस बीच शुक्रवार को हिंसा प्रभावित इलाके में कई दुकानें बंद रहीं, जबकि विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। जिले में विभिन्न स्थानों पर पुलिस अवरोधक लगाए गए हैं। पुलिसकर्मियों को वाहनों की जांच करते देखा गया। रविवार व सोमवार को हुई इस हिंसा से प्रभावित हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज बाजार की मुख्य मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने कोई नहीं आया।
 
हालांकि अन्य सभी मस्जिदों में नमाजियों की संख्या पिछले जुमे की अपेक्षा कम जरूर रही, लेकिन नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार महाराजगंज में भी किसी को नमाज अदा करने से नहीं रोका गया, हालांकि सुरक्षाबलों की कड़ी चौकसी रही।
महाराजगंज क्षेत्र में ड्रोन व हेलीकॉप्टर भी उड़ते नजर आए। कस्बे के चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी व आरआरएफ के जवान गश्त करते दिखे। कस्बे में अधिकतर लोग घरों में रहे, कुछेक लोग ही बाहर नजर आए। जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। जिले को नौ सेक्टर व तीन जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट की निगरानी में चप्पे-चप्पे पर पहरा रहा।
 
महाराजगंज, बहराइच और अन्य कस्बों व गांवों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षाबलों के साथ फ्लैग मार्च किया। शुक्रवार को भी महाराजगंज बाजार में सन्नाटा रहा, लेकिन अन्य बाजार खुले रहे। बाजार में लोगों की आवाजाही देखी गई। हालांकि सुरक्षाबलों की तैनाती के कारण आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम रही। जगह-जगह पुलिसकर्मी वीडियो कैमरा व मोबाइल फोन से वीडियोग्राफी करते नजर आए।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने बहराइच में एक व्यक्ति की हत्या के बाद हिंसा भड़काने के 5 संदिग्धों को बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। दुर्गा पूजा शोभायात्रा के दौरान सांप्रदायिक तनाव भड़काने और 22 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के आरोपी 5 व्यक्ति नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे, जिसकी सीमा उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से लगती है। अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ नेपाल सीमा के पास नानपारा थाना क्षेत्र के हाड़ा बसेहरी इलाके में हुई। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
खलील अल हय्या बना हमास का नया चीफ, इजराइल से कर चुके हैं युद्ध विराम की पेशकश