शनिवार, 19 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. uttar pradesh loksabha election : voting on 14 seats in 5th phase
Last Modified: रविवार, 19 मई 2024 (11:43 IST)

यूपी में 14 सीटों पर सोमवार को वोटिंग, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

यूपी में 14 सीटों पर सोमवार को वोटिंग, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर - uttar pradesh loksabha election : voting on 14 seats in 5th phase
Uttarpradesh loksabha election : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के 5वें चरण में दिग्गज भाजपा नेता राजनाथ सिंह व स्मृति ईरानी समेत 5 केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी भी मतदाताओं की कसौटी पर होंगे। ALSO READ: Lok Sabha Elections 2024 : रायबरेली में भाजपा ही करेगी राहुल गांधी की जीत आसान
 
उत्तर प्रदेश में 5वें चरण में 14 लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर (मोहनलालगंज), केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा (जालौन), केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर लोकसभा सीट) चुनावी मुकाबले में हैं। ALSO READ: अमेठी में इस बार आसान नहीं है केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की राह
 
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राहुल के सामने भाजपा ने राज्‍य सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को फिर मौका दिया है जो यहां 2019 में सोनिया गांधी से पराजित हो गए थे। इस चरण में कांग्रेस ने रायबरेली में गांधी के अलावा अमेठी से केएल शर्मा, बाराबंकी (आरक्षित) से तनुज पुनिया और झांसी से प्रदीप जैन 'आदित्य' को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, बाकी सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान को सकुशल, निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए रविवार को मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए पांचवें चरण के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समय से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
इन सीटों पर मतदान : 5वें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा लोकसभा सीटें आती हैं। इसमें से 10 सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और चार सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। ALSO READ: UP Lok Sabha Election : बृजभूषण के बेटे को लेकर कांग्रेस ने PM मोदी पर साधा निशाना, लगाया यह आरोप...
 
144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में : 5वे चरण में 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लखनऊ जिले की लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 2 करोड़ 68 लाख से अधिक मतदाता इन उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।
 
इन सीटों पर सबकी नजर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मुकाबला लखनऊ मध्य से मौजूदा सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा से है। अमेठी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जिन्होंने 2019 में राहुल गांधी को पराजित कर यह सीट जीती थी। ईरानी को टक्‍कर देने के लिए कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है।
 
कैसरगंज लोकसभा सीट पर मुकाबला पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे भाजपा के करण भूषण सिंह और सपा के भगत राम के बीच है वहीं गोंडा में भाजपा के कीर्ति वर्धन सिंह को सपा की श्रेया वर्मा से टक्कर मिल रही है।
 
फैजाबाद (अयोध्या) में भाजपा के लल्‍लू सिंह का मुकाबला सपा के अवधेश प्रसाद से है। हमीरपुर में भाजपा से तीसरी बार किस्मत आजमा रहे मौजूदा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल की राह रोकने के लिए सपा ने अजेंद्र सिंह लोधी को मैदान में उतारा है। इन सभी सीटों पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार भी मुकाबले में टक्‍कर दे रहे हैं।
 
बांदा में मुख्य चुनावी मुकाबला तीसरी बार चुनाव लड़ रहे आरके सिंह पटेल और सपा की कृष्णा देवी पटेल के बीच है। लोकसभा जीत की हैट्रिक पर नजर गड़ाए विनोद कुमार सोनकर का मुकाबला कौशांबी (आरक्षित) सीट पर सपा नेता इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज से है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 
ये भी पढ़ें
जमशेदपुर में PM मोदी बोले, कांग्रेस को विकास का क, ख, ग भी नहीं मालूम