Notorious Naxalite Madvi Hidma killed: छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के घने जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी नक्सली माडवी हिडमा मारा गया। इस मुठभेड़ में हिडमा की पत्नी राजे समेत 6 नक्सली मारे गए हैं। पुलिस ने भी छह नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए हैं। इनमें कुख्यात नक्सली हिडमा भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ सुबह 6.30 से 7 बजे के बीच मरेदुमिल्ली मंडल के जंगली इलाके में हुई। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2026 में नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने की बात कई बार कह चुके हैं। कौन था हिडमा : माडवी हिडमा, जिसका असली नाम संतोष था। वह छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूरवर्ती गांव का रहने वाला था। वह एक कुख्यात नक्सल कमांडर था और प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का शीर्ष नेता था। वह माओवादियों की सबसे घातक हमलावर इकाई पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की बटालियन नंबर-1 का प्रमुख था। वह सीपीआई माओवादी की सेंट्रल कमेटी का सबसे युवा सदस्य भी था। उस पर अलग-अलग राज्यों और केन्द्र सरकार द्वारा एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। वह कई बड़े और घातक नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था, जिनमें 2010 का ताड़मेटला हमला भी है, जिसमें 76 CRPF जवान शहीद हुए थे। हिडमा 2013 के झीरम घाटी नरसंहार और 2021 का सुकमा-बीजापुर मुठभेड़ शामिल था। Edited by: Vrijendra Singh Jhala